अपने एक वोट की कीमत जानते हैं? आज मतदान न करके देश को करोड़ों का नुकसान पहुंचाएंगे आप
आपके एक वोट की कीमत 72 रुपये है। अगर आप मतदान के लिए नहीं जाते हैं तो देश को 72 रुपये का नुकसान होता है। ऐसे ही 1 लाख लोग मतदान न करें तो देश को 72 लाख रुपये का नुकसान होगा।
17वें लोकसभा चुनाव के तहत पहले चरण का मतदान हो चुका है और दूसरे चरण का मतदान आज यानि गुरुवार 18 अप्रैल को 12 राज्यों की 95 सीटों के लिए हो रहा है। पहले चरण में 11 अप्रैल को 91 सीटों पर मतदान हुआ। वर्ष 1952 में हुए पहले लोकसभा चुनाव में लगभग 10.45 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जबकि 2014 के आम चुनावों में सरकार ने लगभग 3,870 करोड़ रुपये खर्च किए। आगामी लोकसभा चुनाव में सरकार के खजाने से लगभग 6500 करोड़ खर्च होने की उम्मीद है।
पहले चुनावों में सरकार ने एक मतदाता पर जहां 0.60 रुपये खर्च किए थे, वहीं 2014 में यह खर्च 46 रुपये तक पहुंच गया। 17वें लोकसभा चुनाव में प्रति मतदाता लगभग 72 रुपये तक खर्च होंगे। इसके बावजूद अगर आप मतदान के लिए नहीं जाते हैं तो इतना समझ लीजिए कि आप अपने एक वोट का नुकसान नहीं कर रहे हैं, बल्कि देश को 72 रुपये का नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसी तरह अगर 100 लोग वोट न करें तो 7200 और 1000 लोग वोट न करें तो 72 हजार और 1 लाख लोग मतदान में भाग न लें तो देश को 72 लाख का नुकसान होता है।
वर्ष और चुनाव खर्च
वर्ष | चुनाव खर्च |
2014 | 3870 करोड़ रुपये |
2009 | 1114.4 करोड़ रुपये |
2004 | 1016.1 करोड़ रुपये |
1999 | 947.7 करोड़ रुपये |
1998 | 666.2 करोड़ रुपये |
1996 | 597.34 करोड़ रुपये |
1991 | 359 करोड़ रुपये |
1989 | 154.2 करोड़ रुपये |
1984 | 81.51 करोड़ रुपये |
1980 | 54.77 करोड़ रुपये |
1977 | 23.04 करोड़ रुपये |
1971 | 11.62 करोड़ रुपये |
1067 | 10.62 करोड़ रुपये |
1962 | 7.32 करोड़ रुपये |
1957 | 5.9 करोड़ रुपये |
1952 | 10.45 करोड़ रुपये |