ईरान से अब नहीं खरीदेगी तेल मोदी सरकार, देश में बढ़ सकते हैं तेल व गैस के दाम, बढ़ सकती है महंगाई
भारत अब ईरान से तेल नहीं खरीदेगा। ईरान के बदले भारत सऊदी अरब जैसे विकल्पों से तेल की आपूर्ति करेगा। अमेरिका ने सोमवार को ऐलान किया था कि वह भारत को ईरान से तेल खरीदने में दी गई छूट को खत्म कर रहा है। इसके बाद भारत ने ईरान से तेल न खरीदने का फैसला लिया।
ट्रंप प्रशासन से बात करेगी सरकार
एजेंसी के मुताबिक अमेरिका द्वारा तेल की खरीद पर मिलने वाली छूट की अवधि 2 मई को खत्म हो रही है। इससे पहले मोदी सरकार ट्रंप प्रशासन से बात करके छूट को जारी रखने की अपील करेगी। एक अधिकारी ने बताया कि जब तक दोनों देशों में इस बारे में चर्चा नहीं हो जाती है, तब तक ईरान से तेल नहीं खरीदा जाएगा।
बढ़ सकती है महंगाई
देश में पहले से ही कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का रुख है। जब 2 मई से छूट खत्म होगी, तो तेल की कीमतें आसमान छू सकती हैं। 2 मई के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम 80 रुपए प्रति लीटर से ज्यादा हो सकते हैं। ऐसे में भारत में महंगाई फिर जोर पकड़ सकती है। ऐसे में खाना-पीनी और ट्रैवल करना महंगा हो सकता है। साथ ही घर के रसोई का बजट भी बिगड़ सकता है।
छूट खत्म करने की यह रही वजह
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पिछले साल ईरान और दुनिया के अन्य बड़े देशों के साथ 2015 में साइन हुई न्युक्लीयर डील से पीछे हट गए। इसके बाद उन्होंने ईरान के ऊपर कई तरीके के प्रतिबंध लगा दिए। हालांकि अमेरिका ने चीन, भारत, जापान समेत आठ देशों को इस छूट का लाभ उठाने के लिए छह महीने का समय दिया। इसमें अमेरिका ने यह शर्त रखी थी कि ये देश ईरान से तेल की खरीद में कटौती करेंगे। छूट की अवधि नवंबर, 2018 में शुरू हुई और यह 2 मई को खत्म हो जाएगी।
चीन के बाद भारत खरीदता है ईरान से सबसे ज्यादा तेल
ईरान से सबसे ज्यादा तेल खरीदने वाले देशों में चीन के बाद भारत का नंबर आता है। वित्त वर्ष 2018-19 में भारत ने ईरान से 2.4 करोड़ टन क्रूड ऑयल खरीदा। अमेरिका के इस फैसले के बाद अब भारत सऊदी अरब, कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात और मेक्सिको से तेल की आपूर्ति करेगा।
यह भी पढ़े : ट्रंप का भारत को झटका, 2 मई के बाद ईरान से तेल खरीदने पर लगेगा अमेरिकी बैन