भारत को मिली 2023 पुरुष हॉकी विश्व कप की मेजबानी, 13 से 29 जनवरी के बीच खेला जाएगा टूर्नामेंट

पिछले साल हॉकी विश्वकप के सफल आयोजन के बाद भारत को 2023 में होने वाले हॉकी विश्वकप की मेजबानी भी सौंप दी गई है। इस बात की घोषणा शुक्रवार को स्विटजरलैंड के लॉसाने शहर में हुई एफआईएच (इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन) एक्जिक्यूटिव बोर्ड की बैठक के बाद की गई। भारत सहित तीन देशों ने 2022-23 मेजबानी के लिये अपनी दावेदारी पेश की थी। पुरुष हॉकी विश्वकप 2023 में 13 से 29 जनवरी के बीच खेला जाएगा। 1971 के बाद से ये चौथा मौका होगा जब भारत हॉकी विश्वकप की मेजबानी करेगा।

बैठक में इस बारे में भी फैसला हुआ कि 2022 में होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्वकप की सह-मेजबानी स्पेन और नीदरलैंड्स करेंगे। महिला विश्वकप 1 से 17 जुलाई 2022 के बीच होगा। टूर्नामेंट के दौरान मैच किन शहरों में खेले जाएंगे इस बारे में मेजबान देशों द्वारा घोषणा की जाएगी।

चौथी बार मेजबानी करेगा भारत

भारत चौथी बार इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। इससे पहले उसने 1982 में मुंबई, 2010 में नई दिल्ली और 2018 में भुवनेश्वर में टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। खास बात ये है कि साल 2023 में भारत की आजादी को 75 साल पूरे हो जाएंगे, ऐसे में उसके लिए हॉकी विश्वकप की मेजबानी और भी खासी होगी। भारत ने ये खिताब आखिरी बार 1975 में जीता था। भारत के अलावा हॉलैंड ने तीन बार पुरूष हॉकी विश्वकप की मेजबानी की है। भारत अबतक सिर्फ एक ही बार विश्व कप चैम्पियन बना है। 1975 में खेले गए टूर्नामेंट के फाइनल में उसने पाकिस्तान को हराकर ये खिताब जीता था। इससे पहले 1973 में वो उपविजेता रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *