51 राज्यसभा सांसद अप्रैल में सेवानिवृत्त होंगे, भाजपा-कांग्रेस समेत तृणमूल-वाईएसआर कांग्रेस को भी बढ़त की उम्मीद

  • राज्यसभा में वर्तमान में भाजपा के 82 सांसद, उसे अप्रैल में होने वाले चुनाव में 13 सीटें मिल सकती है
  • राज्यसभा से कांग्रेस के 11 सदस्य रिटायर होंगे, फिलहाल सदन में पार्टी के 46 सांसद; 10 सीटें मिलने की संभावना

नई दिल्ली. 

राज्यसभा से भाजपा और कांग्रेस समेत कई दलों के 51 सांसद अप्रैल में सेवानिवृत्त हो रहे है। इसके साथ ही अप्रैल में होने वाले चुनाव में इन दोनों दलों के साथ-साथ तृणमूल कांग्रेस और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी को ज्यादा सीटें मिलने की संभावना है। भाजपा के लिए यह इसलिए भी अहम है, क्योंकि राज्यसभा में उसे अभी भी बहुमत नहीं है। राज्यसभा में भाजपा के 82 सांसद हैं। पार्टी को उम्मीद है कि अप्रैल में होनेवाले चुनाव में उसे 13 सीटें मिल सकती है। राज्यसभा में फिलहाल 245 सांसद हैं।

ओडिशा में राज्य सभा की तीन सीटों में से बीजू जनता दल (बीजद) को दो और भाजपा को एक सीटें जबकि आंध्र प्रदेश की सभी 4 सीटें वाईएसआर कांग्रेस को मिलने की उम्मीद है। भाजपा को हिमाचल और हरियाणा से एक-एक सीटें मिलने की उम्मीद है। राज्यसभा में कांग्रेस के 46 सांसद हैं और उसे 10 सीटें मिलने की संभावना है। कांग्रेस के 11 सदस्य अप्रैल में रिटायर होंगे।

अप्रैल में राज्यसभा सदस्यों के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त सीटें

राज्य सीटें
1. महाराष्ट्र 7
2. तमिलनाडु 6
3. बिहार 5
4. पश्चिम बंगाल 5
5. आंध्र प्रदेश 4
6. गुजरात 4
7. मध्य प्रदेश 3
8. राजस्थान 3
9. तेलंगाना 3
10. ओडिशा 3
11. झारखंड 2
12. छत्तीसगढ़ 2
13. असम 1
14. मणिपुर 1
15. हरियाणा 1
16. हिमाचल प्रदेश 1

राजद राबड़ी देवी को राज्यसभा में उतार सकता है

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक, महाराष्ट्र में सरकार बनाने में विफल रहने के बावजूद राज्य से 2 सदस्य राज्यसभा में जाएंगे। वहीं, सत्तारूढ़ शिवसेना का एक, राकांपा के 2 और कांग्रेस का एक सांसद राज्यसभा में पहुंच सकता हैं। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले की पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया को भी एक सीट मिलने की उम्मीद है। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को पांच में चार सीटें जीतने की उम्मीद है, जबकि कांग्रेस ने माकपा को समर्थन देने के संकेत दिए। बिहार में जदयू और भाजपा गठबंधन को 3, जबकि राजद को 2 सीटें मिलने की उम्मीद है। राजद ने राबड़ी देवी को राज्यसभा में भेजने के संकेत दिए हैं।

रिटायर होनेवालों में उपसभापति हरिवंश और एनसीपी नेता शरद पवार शामिल

तमिलनाडु में 6 सीटें खाली होंगी, जिसमें अन्नाद्रमुक और द्रमुक को 3-3 सीटें मिल सकती है। राज्यसभा में अन्नाद्रमुक के 11 सांसद हैं। मध्य प्रदेश की तीन सीटों में से दो पर कांग्रेस और एक पर भाजपा को बढ़त मिल सकती है। अप्रैल में जो सदस्य सेवानिवृत होंगे उनमें राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, एनसीपी नेता शरद पवार और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा, दिग्विजय सिंह, मधुसूदन मिस्त्री, भाजपा के विजय गोयल और सत्यनारायण जटिया, द्रमुक के टी शिवा, जदयू से कहकशां परवीन और अन्नाद्रमुक की विजला सत्यनाथ शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *