कृषि मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा बढ़ाने एवं कृषि के विकास के लिए शासन कृत संकल्पित है। शासन द्वारा लगातार किसानों से संवाद करते हुए उनका फीडबैक लेकर योजनाएं बनाई जा रही है। चौबे ने कहा कि मुझे इस बात की हार्दिक खुशी है कि बरहापुर में आज हमने धान उपार्जन केंद्र का शुभारंभ किया है। बरहापुर के लोग लंबे समय से धान खरीदी केंद्र की मांग करते आए हैं। आज यह केंद्र आरम्भ हो गया है। अब बरहापुर के लोगों को धान बेचने ज्यादा दूर तक नहीं जाना पड़ेगा। सरकार किसानों को अधिकतम सुविधाएं देने संकल्पित है।

कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्रीभूपेश बघेल ने पदभार ग्रहण करते ही सबसे पहले किसानों की कर्ज माफी की और उसके पश्चात 2500 रुपये में धान खरीदी का निर्णय लिया है। इस निर्णय से नई ऊर्जा का संचार हुआ है। किसान आधुनिक खेती कर सकें, इसके लिए पर्याप्त मदद की जाएगी। गांवों के विकास के लिए हर संभव कार्य किए जाएंगे।

चौबे ने कहा कि किसानों को धान खरीदी के दौरान सभी तरह की सुविधाएं मिलती रहे, यह सुनिश्चित करने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है। धान खरीदी केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उम्मीद है कि किसानों को इसमें किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। इस मौके पर कृषि मंत्री ने किसानों का धान भी तौला।