- छत्तीसगढ़ राज्य सरकार के गृह विभाग ने जारी किया आदेश
- अब तक शहीद के परिजनों को मिलते थे महज 3 लाख रुपए
रायपुर.
छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सल हमले में शहीद होने वाले जवानों के परिजनों को दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ा दिया है। एक्सग्रेशिया राशि को बढ़ाकर 20 लाख रूपए कर दिया गया है। पहले शहीद जवानों के परिजनों को 3 लाख रूपए एक्सग्रेशिया राशि (अनुग्रह अनुदान) दी जाती थी। राज्य सरकार के गृह विभाग ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। पुलिस मुख्यालय के प्रस्ताव पर भारत सरकार की नई एसआरई गाईड लाइन के अनुसार यह बढ़ोतरी की गई है।
जनवरी के महीने बस्तर के आईजी पी सुंदरराज ने मीडिया को जानकारी दी थी कि साल 2019 में जवानों की शहादत में 65 फ़ीसदी की कमी आई, नक्सल वारदात में 40% तक कमी, नक्सल हिंसा में आम नागरिकों की मृत्यु में 45 फ़ीसदी तक कमी आई, हत्या, हत्या का प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में 30% की कमी दर्ज की गई । पुलिस ने दावा किया था कि 18 महिला माओवादियों सहित कुल 65 माओवादियों के शव बरामद किए गए। 128 हथियार बरामद किए गए, कुल 475 नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई, 304 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया था।