छत्तीसगढ़ में माघ महीने तक ठंड का एहसास होता है, लेकिन इस साल जनवरी में ही मार्च की शुरुआत जैसी गर्मी महसूस होने लगी है। दिन का तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है और रात में भी पारा 20 डिग्री से अधिक है। दोनों तापमान सामान्य से छह से आठ डिग्री ज्यादा है। राजधानी समेत ज्यादातर जिलों में रात का तापमान एक से तीन डिग्री तक गिर गया।
हालांकि दिन के तापमान में डेढ़ से 5 डिग्री की बढ़ोत्तरी हो गई। न्यूनतम तापमान गिरने के बावजूद प्रदेश के ज्यादातर स्थानों से ठंड गायब है। अभी भी रात का तापमान सामान्य से 2 से 8 डिग्री तक ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, दुर्ग व बस्तर संभाग में 11 जनवरी से 17 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री तक कमी आएगी।
हालांकि राजधानी व दूसरे मैदानी इलाकों में इतना तापमान गिरने के बावजूद केवल हल्की ठंड पड़ेगी। पहाड़ी इलाकों जैसे अंबिकापुर, पेंड्रारोड, मैनपाट, जशपुर व कोरिया में जरूर ठंड बढ़ जाएगी। शनिवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 8 डिग्री ज्यादा है।
अगर इसमें 6 डिग्री की गिरावट भी आती है तो तापमान 14.6 डिग्री के आसपास रहेगा। इससे ज्यादा ठंड नहीं लगेगी। बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री है, जो सामान्य से 8 डिग्री ज्यादा है। पेंड्रारोड, अंबिकापुर, माना, दुर्ग व राजनांदगांव में भी रात का तापमान सामान्य से 7-7 डिग्री ज्यादा है।
प्रमुख स्थानों का तापमान
स्थान अधिकतम न्यूनतम
रायपुर 33.0 20.6
बिलासपुर 33.4 19.6
पेंड्रारोड 29.1 18.0
अंबिकापुर 27.1 15.8
जगदलपुर 32.9 13.5
दुर्ग 31.2 20.8
राजनांदगांव 32.5 20.0