महाराष्ट्र में निसर्ग के कारण दिल्ली में भी हो सकती है आंधी-बारिश, ऑरेंज अलर्ट जारी

चक्रवाती तूफान निसर्ग बुधवार दोपहर महाराष्ट्र के तट से टकराया। इस कारण 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। समुद्र में ऊंची लहरें उठती दिखाई दीं। महाराष्ट्र के रायगढ़, रत्नागिरि और मुंबई में भारी बारिश हुई। इससे मुंबई के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। चक्रवात के कारण दिल्ली में भी अगले दो दिन आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

महाराष्ट्र में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। महाराष्ट्र में कुल 65 हजार जबकि गुजरात के करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों की मौत हो गई। चक्रवात के कारण मध्य रेलवे ने पांच विशेष ट्रेन का समय बदला है और तीन के मार्ग को बदला। मुंबई हवाई अड्डे पर एक कार्गो जहाज के फिसलने के बाद विमान सेवाएं शाम सात बजे तक रोकी गईं।

निसर्ग चक्रवात के महाराष्ट्र के अलीबाग के पास रायगढ़ जिले में टकराने के चलते वहां तबाही का मंजर देखने को मिला। कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ कर जमीन पर गिर गए। देर रात महाराष्ट्र सीएम ऑफिस ने बताया कि तूफान की वजह से दो लोगों की मौत हुई है।  अधिकारियों ने बताया कि 85 बड़े पेड़ गिरे हैं जिनमें कुछ ने लोगों के घरों को भी क्षतिग्रस्त किया है जबकि 11 बिजली के खंभे को भी नुकसान हुआ है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल ने कहा कि जैसे ही हवा की रफ्ताम कम होती है टीम नुकसान का आकलन करेगी। अलीबाग में एक 53 वर्षीय व्यक्ति की बुधवार को उस वक्त मौत हो गई जब बिजला का खंभा ऊपर गिर गया। इधर, मुंबई में निसर्ग तूफान के खतरे को टलते देखने के बाद मुंबई एयरपोर्ट का ऑपरेशन 6 बजे शुरू करने का फैसला किया गया। पहले, इसे दोपहर ढाई बजे से 7 बजे तक बंद करने की घोषणा एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से कई गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *