देश के दूसरे सबसे बड़े अरबपति गौतम अडानी दौलत गंवाने के मामले में इस साल सबसे आगे

देश के दूसरे सबसे बड़े अरबपति गौतम अडानी दौलत गंवाने के मामले में इस साल सबसे आगे हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडानी की दौलत YTD यानी साल-दर-दिन आधार पर 60 बिलियन डॉलर घट गई है। साल शुरू होने से पहले दुनिया के टॉप 10 अरबपतियों में शामिल गौतम अडानी आज की तारीख में यानी 12 नवंबर को रैंकिंग में 21वें स्थान पर हैं। बता दें कि आज दिवाली का त्योहार मनाया जा रहा है। इस दिन अडानी दुनिया के सबसे नुकसान वाले अरबपतियों की सूची में टॉप पर हैं।

कितनी है दौलत: इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडानी की दौलत अभी 60.6 बिलियन डॉलर है और वह दुनिया के अरबपतियों की रैंकिंग में 21वें स्थान पर खड़े हैं। अगर अडानी के नुकसान को देखें तो कहा जा सकता है कि सिर्फ 2023 में उनकी दौलत आधी हो गई है।

हिंडनबर्ग का असर: आपको बता दें कि अमेरिका की शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग ने जनवरी महीने में एक रिपोर्ट जारी किया था। इस रिपोर्ट में अडानी समूह पर कई गंभीर आरोप लगाए गए। उदाहरण के लिए शेयरों के वैल्यूएशन में हेरफेर करने के आरोप लगे। इसके अलावा शेल कंपनियों के जरिए अपने फर्म में निवेश का भी दावा किया गया। हालांकि, अडानी ग्रुप ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। इसके बावजूद समूह के शेयरों में गिरावट का सिलसिला चलता रहा। शेयरों में गिरावट की वजह से समूह को 130 बिलियन डॉलर से ज्यादा का नुकसान भी हुआ।

अब भी संघर्ष जारी: अब अडानी समूह रिकवरी के ट्रैक पर है लेकिन कई मोर्चे पर संघर्ष करना पड़ रहा है। अडानी समूह पर लगे आरोपों की सेबी जांच भी कर रहा है। वहीं, समय-समय पर कई अन्य रिपोर्ट जारी होने की वजह से भी अडानी समूह के लिए यह साल मुश्किलों से भरा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *