CG- 6 साल के बच्चे की फंदे से लटकती मिली लाश

बिलासपुर 17/05/2022- कोनी थाना क्षेत्र में छह साल के बच्चे की लाश फंदे पर लटकती मिली है। मामले में परिजन बच्चे की हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिसकी रिपोर्ट आने का बाद ही मामला साफ हो पाएगा।

जानकारी के अनुसार, ग्राम गतौरी निवासी राजकुमार भारती परिवार के सदस्यों के साथ सोमवार दोपहर को अपने पड़ोस के घर शादी में शामिल होने गए थे। उनके साथ 6 साल का बेटा मानस भारती भी था। शादी घर में परिजन को छोड़कर मानस खेलने के लिए घर जाने की बात कहकर निकला। बताया जा रहा है कि वह अपने घर में लटक रही रस्सी से खेल रहा था। पुलिस को शक है कि रस्सी बच्चे के गले में फंस गई होगी, जिससे उसकी मौत हो गई।

परिजन ने पुलिस को बताया कि मानस के शादी घर से निकलने के महज 20 मिनट बाद उसकी 14 साल की बुआ और 9 साल का भाई घर आए। तब मानस का शव फंदे पर लटक रहा था। उन्होंने तत्काल इस घटना की जानकारी परिजन को दी। मानस के माथे में चोट के निशान भी मिले हैं। उसके माथे से खून निकल रहा था। ऐसे में उसके पिता राजकुमार ने बेटे की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने की आशंका जताई है। जब तक पुलिस गांव पहुंची, परिजनों ने बच्चे के शव को फंदे से उतार लिया था। पुलिस को शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।