जुमे की नमाज के बाद कई राज्यों में भड़की हिंसा, यहाँ इंटरनेट सेवा बंद, रांची में एक की मौत

पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी के विरोध और भाजपा से निलंबित नुपुर शर्मा व निष्कासित नवीन जिंदल की गिरफ्तारी को लेकर शुक्रवार को नमाज के बाद देशभर में मुस्लिम संगठन सड़क पर उतर गए। उनके उग्र प्रदर्शन से अराजकता का माहौल रहा। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जमकर बवाल किया गया। दिल्ली में जामा मस्जिद के बाहर भड़काऊ नारेबाजी और प्रदर्शन किया गया। सबसे ज्यादा हिंसक प्रदर्शन झारखंड की राजधानी रांची में हुआ। कई पुलिसवाले घायल हुए। कोलकाता में भी उपद्रवियों ने जमकर बवाल काटा। राजस्थान के कई जिलों में भी प्रदर्शन किया गया। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, मगर पुलिस की सक्रियता से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

रांची में हिंसक भीड़ की पत्थरबाजी और पुलिस व उपद्रवियों के बीच गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें आठ लोगों को गोलियां लगी हैं। पथराव में एसएसपी और सिटी एसपी समेत कई पुलिस अधिकारी घायल हो गए। इस दौरान शहर के संकटमोचन मंदिर पर की पत्थरबाजी भी गई। यहां राह चलते लोगों को पीटा भी गया। बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन की गाड़ी भी इस दौरान उपद्रवियों की चपेट में आ गई। उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से उन्हें वहां से निकाला।