Answer Key- आज जारी होगी रेलवे ग्रुप डी आंसर-की

आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा की आंसर-की आज 14 अक्टूबर को दोपहर एक बजे जारी होगी। आंसर-की के साथ-साथ प्रश्न पत्र और रिस्पॉन्स शीट भी जारी होंगे। आंसर-की का लिंक सभी आरआरबी की वेबसाइट्स पर उपलब्ध होगा। इसके बाद 15 अक्टूबर सुबह 10 बजे से अभ्यर्थी आंसर-की पर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। वह 19 अक्टूबर रात 11.59 बजे तक ऑब्जेक्शन दर्ज करा सकेंगे। प्रति आपत्ति पर उन्हें 50 रुपये का भुगतान करना होगा। इस फीस का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई किसी से भी किया जा सकता है। रेलवे एक साथ सभी चरणों की आंसर-की जारी करेगा।

आपको बता दें कि रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा पांच चरणों में 17 अगस्त 2022 से 11 अक्टूबर 2022 तक आयोजित की गई थी। रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा के जरिए ग्रुप डी के 1.03 लाख पदों पर भर्ती होगी। ग्रुप डी पदों पर भर्ती के लिए 1 करोड़ 15 लाख लोगों ने आवेदन किया था।

रेलवे ग्रुप डी परीक्षा कई शिफ्टों में होने के चलते नॉर्मलाइजेशन का फॉर्मूला लागू होगा। रेलवे भर्ती बोर्ड ने नोटिस जारी कर नॉर्मलाइजेशन का फॉर्मूला जारी किया है। अभ्यर्थियों को बताया गया है कि उनके मार्क्स किस तरह से निकाले जाएंगे।

ग्रुप डी भर्ती (लेवल-1) में चयन सिंगल स्टेज एग्जाम से होगा। दूसरा सीबीटी नहीं होगा। कंप्यूटर बेस्ड लिखित परीक्षा (सीबीटी) में जो पास होगा, उसे शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के लिए बुलाया जाएगा।